रेस्तरां स्टाइल बटर चिकन (मुर्ग मखनी) घर पर बनाने की विधि Restaurant style Butter Chicken Murgh Makhani Recipe In Hindi
बटर चिकन एक भारतीय व्यंजन है, जिसे हिंदी में मुर्ग मखनी भी कहते है. यह हल्की तीखी-मीठी, क्रीमी ग्रेवी की डिश है. इस व्यंजन को सबसे पहले दिल्ली के मोती महल रेस्तरां में वहां के मालिक कुंदन लाल गुजराल द्वारा बनाया गया था. बटर चिकन, चिकन टिक्का मसाला की तरह होती है, जो पूरी दुनिया में प्रसिध्य है. डार्क कलर की, क्रीमी रेसिपी के सब दीवाने है, जिसे मुख्यतः सॉफ्ट रुमाली रोटी के साथ खाया जाता है, वैसे इसे किसी भी तरह की भारतीय ब्रेड (रोटी) के साथ खा सकते है. इस रेसिपी में मुख्य सामग्री चिकन और बटर होता है, जैसा कि नाम से ही समझ आता है. इसके पारंपरिक स्वाद के लिए इसमें बटर की एक अच्छी मात्रा डाली जाती है.
बटर चिकन में ग्रिल्ड चिकन (तंदूरी चिकन) को टमाटर, प्याज की बटरी एवं क्रीमी ग्रेवी के साथ पकाया जाता है, इसकी ग्रेवी मक्खन की तरह चिकनी होती है, इसलिए इसे मुर्ग मखनी कहते है. दिल्ली के जिस मोती महल रेस्तरां में इस रेसिपी को इन्वेंट किया था, वहां का उस समय तंदूरी चिकन बहुत फेमस हुआ करता था. वहां दिन भर में तंदूरी चिकन के लिए बहुत आर्डर आते थे, लेकिन कई बार रात तक अधिक मात्रा में तंदूरी चिकन बच भी जाता था. इसी तंदूरी चिकन का सही ढंग से उपयोग हो सके, जिसके लिए रेस्तरां के मालिक कुंदन लाल गुजराल ने एक तरकीब निकाली और बटर चिकन रेसिपी का अविष्कार किया. दाल मखनी बनाने की विधि यहाँ पढ़ें.

बटर चिकन या मुर्ग मखनी बनाने की विधि Butter Chicken Or Murgh Makhani Recipe In Hindi
मात्रा – 4 लोगों के लिए
तैयारी का समय – 2-3 घंटे
बनाने का समय – 30 min
बटर चिकन बनाने की सामग्री (Butter chicken ingredients) –
नीचे दी गई तालिका में आपको बटर चिकन बनाने की सामग्री बताई गई है.
चिकन मेरिनेट सामग्री –
सामग्री का नाम | मात्रा |
बॉनलेस चिकन | ½ kg |
लेमन जूस | 2 tbsp |
अदरक-लहसुन का पेस्ट | 2 tsp |
मिर्च पाउडर | 1 tsp |
दही | 1/2 कप |
कसूरी मैथी | 1 tsp |
गरम मसाला | 1 tsp |
नमक | स्वाद अनुसार |
हल्दी | ½ tsp |
तेल | ¾ tbsp |
बटर चिकन ग्रेवी सामग्री –
सामग्री का नाम | मात्रा |
बटर | 2 tbsp |
अदरक-लहसुन का पेस्ट | 2 tsp |
दालचीनी स्टिक | 1 |
इलायची | 2 |
लौंग | 3 |
मैथी पाउडर | ½ tbsp |
हरी मिर्च | 1-2 (बीच से कटी हुई) |
टमाटर | 4 |
लाल मिर्च पाउडर | 1 tsp |
काश्मीरी मिर्च | ½ tsp |
काजू/बादाम | 8-10 (इसे हलके गुनगुने पानी में 1-2 घंटे भिगो दें फिर पीस कर पेस्ट बना लें) |
गरम मसाला | ½ tsp |
शक्कर | ¼ tbsp |
फ्रेश क्रीम | 80-100 ml |
नमक | स्वाद अनुसार |
धनिया | सजाने के लिए |
बटर चिकन बनाने की विधि (Butter Chicken Vidhi)–
- सबसे पहले चिकन को नल के नीचे बहने पानी में अच्छे से धो लें, फिर इसे थोड़ी देर सूखने रख दें. बटर चिकन में चिकन बोनलेस ही उपयोग किया जाता है.
- इसके बाद इसे 1 ½ इंच के टुकड़े में काट लें.
- इसमें मेरिनेट की प्रक्रिया दो चरणों में होती है. पहली बार में नीम्बू का रस, लाल मिर्च एवं नमक को चिकन में मिलाकर 20 min के लिए फ्रिज में रख दें.
- अब कपड़े में लटके हुए दही को लें, जो थक्के वाला हो. इसे उस मेरिनेट किये हुए चिकन में मिलाएं, फिर इसमें लाल मिर्च, हल्दी पाउडर, गरम मसाला, तेल, कसूरी मैथी एवं अदरक लहसुन का पेस्ट मिलाएं. अच्छे से मिलाने के बाद इसे ढककर फिर से फ्रिज में 2-3 घंटे के लिए रख दें. इसे आप चाहें तो रात भर भी रख सकते है. (मेरिनेट प्रक्रिया में समय लगता है. जब तक दही और सभी मसलों का स्वाद चिकन के अंदर तक नहीं जायेगा उसमें वो पारंपरिक स्वाद नहीं आएगा. इस प्रक्रिया को समय निकाल कर पूरा करें.) दही के फायदे एवं गुण यहाँ पढ़ें.
- अब ग्रिल ओवन या तंदूर को गर्म कर, इन मेरिनेट चिकन के पीस को सेंक लें. सेंकते समय इसमें 1 चम्मच बटर साल लें.
- चिकन को तेज आंच में ही सेंकें, जिससे उसका सारा मोइस्चर चला जाये, और ये क्रिस्पी हो जाये. इसे अच्छे से चारों तरफ घुमा – घुमा कर सेंकें. अब इसे एक प्लेट में निकालकर अलग रख दें.
- ग्रेवी के लिए एक कढ़ाई में बटर गर्म करें, अब इसमें लौंग, इलायची, दालचीनी डालकर 1-2 min पकाएं.
- अब इसमें अदरक – लहसुन का पेस्ट एवं हरी मिर्च डालें, इसे भी अगले 1-3 min तक पकाएं.
- अब इसमें टमाटर प्यूरी (इसे बनाने के लिए आप टमाटर को उबाल ले, और इसका छिलका उतार कर उसे मिक्सी में पीस लें, इसके बाद इसे छान लें जिससे इसमें मौजूद बीज एवं गिल्ठे अलग हो जायेंगें.) लाल मिर्च पाउडर एवं नमक डालें. टमाटर सूप के फायदे एवं विधि यहाँ पढ़ें.
- जब ये गाढ़ी होने लगे, और किनारे छोड़ने लगे, तब इसमें 1 कप पानी, कसूरी मैथी, काजू या बादाम का पेस्ट, शक्कर या शहद डालें. (पानी की मात्रा आप अपने अनुसार बढ़ा, घटा सकती है)
- अब इसे 5-7 min मध्यम आंच में पकने दें.
- फिर इसमें चिकन के पीस डालकर, धीमी आंच में पकने दे, ताकि वे नर्म हो जाएँ और ग्रेवी से मिल जाएँ.
- अंत में गर्म मसाला डालें, 1-2 और पकने दें.
- अब गैस बंद कर फेश ठंडी क्रीम डालें.
- पंजाबी मुर्ग मखनी को हरे धनिया और चाहें तो क्रीम से सजाकर सर्व करें.
टिप –
- अगर आपके पास कपड़े में लटका हुआ दही नहीं है जिसमें पानी नहीं होता है, तो आप गाढ़ा दही भी उपयोग कर सकते है. लेकिन इसमें कुकिंग टाइम बढ़ जाता है.
- काजू, बादाम के अलावा आप मगज बीज का भी उपयोग कर सकते है.
- ग्रेवी में ठंडी क्रीम का ही इस्तेमाल करें. क्रीम डालने के बाद ग्रेवी को न पकाएं नहीं तो इससे उससे इसमें गिल्ठे बनने लगते है. ऐसा न हो इसके लिए आप, एक कटोरी में ग्रेवी लें, उसमें क्रीम डालकर अच्छे से घोल लें, फिर इसे पूरी में डाल दें, इससे गिल्ठे नहीं बनेंगें.
बटर चिकन में मौजूद पोषक तत्व (Butter chicken nutritional value) –
क्रमांक | पोषक तत्व | मात्रा |
1. | कैलोरी | 409 |
2. | फैट | 34 gm |
3. | सेचुरेटेड फैट | 15 gm |
4. | कार्बोहाइड्रेट | 7 gm |
5. | शुगर | 4 gm |
6. | सोडियम | 358 mg |
7. | फाइबर | 1 gm |
8. | प्रोटीन | 16 gm |
9. | कोलेस्ट्रोल | 116 mg |
चिकन की अन्य रेसिपी चिली चिकन बनाने की विधि जानने के लिए पढ़े.