साउथ इंडियन रसम बनाने की विधि या रेसिपी (Dal Tomato Rasam recipe recipe in hindi)
घर से बेहतर जगह कोई नहीं होती, और घर के खाने से स्वादिष्ट खाना हमें कहीं नहीं मिल सकता है. हमारे भारत देश में तरह तरह के जाति, प्रान्त के लोग रहते है, सबके तीज त्यौहार, खान-पान अलग होता है, लेकिन हमारे देश की एक बात अच्छी है कि यहाँ हर किसी के स्वाद को पसंद किया जाता है. पंजाब की मक्के की रोटी सरसों का साग, गुजरात का ढोकला, कोलकत्ता की मिठाई, मध्यप्रदेश का पोहा जलेबी व दक्षिण का इडली डोसा सब बड़े चाव के साथ खाया जाता है. अब तो दुसरे प्रदेशों की डिश किसी दूसरी जगह पर बड़ी आसानी से मिल जाती है. इसी तरह दक्षिण की एक डिश रसम भी बहुत फेमस है. मुख्य रूप से बरसात में बहुत पसंद की जाती है. जिस तरह पकोड़े, टमाटर सूप बरसात में पसंद किया जाता है, उसी तरह रसम भी हर जगह लोग पसंद करते है. ये एक तरह का सूप की तरह होता है, क्यूंकि ये पतला होता है.
रसम को प्लेन सूप की तरह या स्टीम चावल के साथ खाया जाता है, इसे साइड सब्जी के तौर पर भी लोग खाते है. दक्षिण के लोग इसे इडली या मेंदू वडा के साथ खाना भी पसंद करते है. रसम से खाने से स्वास्थ्य को भी फायदा होता है, इससे सर्दी, खांसी, कफ व बुखार की परेशानी दूर होती है. दक्षिण में कई तरह की रसम बनाई जाती है, जैसे इमली रसम, टमाटर रसम, दाल रसम, ड्रमस्टिक (मूंगा) रसम, पाइनएप्पल रसम व लहसुन रसम. आज मैं आपको रसम की सदाबहार रेसिपी के बारे में बताउंगी, जो है दाल रसम, इसके साथ ही सबसे अधिक प्रचलित टमाटर रसम की रेसिपी भी आपसे साझा करुँगी. रसम को ध्यान से पकाना चाहिए, अगर ये ज्यादा पक जाएगी तो इसमें मिले मसालों का फ्लेवर चला जायेगा.
रसम में मौजूद पोषक तत्व व उसकी मात्रा (Rasam nutritional value) –
कैलोरी | 48 |
प्रोटीन | 2.3 gm |
फैट | 1.5 gm |
फाइबर | 1.3 gm |
कैल्शियम | 18.9 mg |
विटामिन A | 196 माइक्रो ग्राम |
विटामिन C | 7.3 मिली ग्राम |
आयरन | 0.4 mg |
फोलिक एसिड | 16.0 mg |

रसम बनाने की विधि South Indian dal rasam recipe in hindi
मात्रा – 4 लोगों के लिए
तैयारी का समय – 10 min
बनाने का समय – 20 min
रसम बनाने की सामग्री (Ingredients to make rasam)–
नीचे दी गई तालिका में आपको रसम बनाने की सामग्री बताई गई है.
सामग्री का नाम | मात्रा |
धना | 1 tsp |
खड़ी लाल मिर्च | 4-5 |
काली मिर्च | 4-5 |
अरहर दाल | 2 ½ tbsp |
चना दाल | ½ tsp |
जीरा | ½ tsp |
टमाटर | ½ कप बारीक़ कटे हुए |
इमली पल्प | ¼ कप |
हींग | चुटकी भर |
हल्दी | ½ tsp |
नमक | स्वादनुसार |
तेल | 1 tsp |
राई | 1 tsp |
करी पत्ता | 5-6 |
धनिया | सजाने के लिए |
रसम बनाने के लिए उसमें रसम पाउडर का डालना बहुत जरुरी होता है, इससे स्वाद और अधिक बढ़ जाता है. ये पाउडर आपको बाजार में भी मिल जायेगा, लेकिन अगर आप चाहें तो इसे घर पर भी बना सकते है.
रसम पाउडर बनाने की विधि (Rasam Powder recipe )–
- एक पैन में धना, साबुत लाल मिर्च बीच से तोड़ कर, काली मिर्च, 1/2 tsp चना दाल, 1 tsp अरहर दाल, ½ tsp जीरा डालें.
- अब इसे माध्यम आंच पर 2-3 min तक सिकने दें.
- अब इसे पूरी तरह से ठंडा करें, फिर मिक्सर में पीस कर पाउडर बना लें.
रसम बनाने का तरीका (Rasam recipe in hindi) –
- बची हुई अरहर दाल को कुकर में 1 कप पानी डाल कर, 3 सिटी आने तक पकाएं.
- अब हैण्ड ब्लेंडर की सहायता से दाल को अच्छी तरह मसल ले, जिससे ये स्मूथ हो जाएगी. ब्लेंडर नहीं है तो हाथ मथानी से इसे मथ लें.
- अब इसमें रसम पाउडर डालकर अलग रख दें.
- अब एक पैन में तेल डालकर उसमें टमाटर, इमली का पेस्ट, हल्दी, हींग, नमक व 3 कप पानी मिलाकर उबलने दें. इसे 8-10 min तक उबलने दें.
- अब इसमें दाल व रसम का मिक्सचर डाल दें. और अच्छे से मिलाकर 2-3 min माध्यम आंच पर पकने दें.
- तड़के के लिए एक छोटे बर्तन में तेल गर्म करें, उसमें राई, करी पत्ता डालें.
- जब राई तड़कने लगे तब इसे रसम में उपर डाल दें और ढक दें.
- अब 1 min और इसे पकाकर बंद कर दें, उपर से धनिया डालकर, गरमागर्म सर्व करें.
टमाटर रसम की सामग्री (Tomato Rasam ingredients) –
सामग्री का नाम | मात्रा |
टमाटर | 5-6 कटे हुए |
जीरा | 2 tsp |
अदरक | 1 इंच |
काली मिर्च | 5-6 |
दाल चीनी | 1 |
नमक | स्वादनुसार |
तेल | 2 tsp |
लौंग | 2-3 |
राई | 1 tsp |
हींग | चुटकी भर |
करी पत्ता | 4-5 |
धनिया | सजाने के लिए |
हल्दी | ½ tsp |
टमाटर रसम बनाने की विधि (Tomato Rasam recipe)–
- पैन में तेल गर्म कर, उसमें जीरा, लौंग, दाल चीनी, काली मिर्च, अदरक डालिए. अब इसमें टमाटर डालें, फिर नमक डालें और माध्यम आंच पर पकने दें.
- टमाटर जब पूरी तरह पक जाये तब इसे ठंडा करने रख दें.
- अब इसे मिक्स्सी में पीस कर पेस्ट बना लें.
- इसे फिर से पकने रख दें, और इसमें 3-4 कप पानी डालें. अब इसमें उपर बताया गया रसम पाउडर 2 tbsp डालें.
- अब तड़के के लिए अलग पैन में तेल गर्म कर, जीरा, हींग, करी पत्ता व राई डालकर तड़काएं.
- इसे टमाटर रसम में डालकर, ढक दें और कुछ देर और पकने दें.
- अब अंत में बारीक़ धनिया डालकर सर्व करें.
टिप – आप अगर चाहें तो इसमें बारीक़ लहसुन काट कर भी डाल सकती है. आपको अगर खट्टा मीठा स्वाद पसंद है तो आप इसमें इमली का पल्प भी डाल सकते है. इमली पल्प से इसका स्वाद टेंगी हो जायेगा. कई लोगों को रसम पाउडर के बिना रसम पसंद होती है, तो आप भी अगर रसम पाउडर नहीं डालना चाहते है तो उसकी जगह गर्म मसाला डाल सकते है.
साउथ इंडियन डिश रसम दक्षिण के हर घर में बनाई जाती है, लेकिन पुरे भारत में लोग इसे पसंद करते है. रसम के कई तरीके होते है बनाने के, अगर आपके पास कोई और रसम की रेसिपी हो तो हमारे साथ शेयर करें.
अन्य पढ़े:
- विभिन्न प्रकार के डोसा बनाने की विधि
- इडली बनाने की रेसिपी
- विभिन्न तरह की चटनी बनाने की विधि
- चाइनीज भेल बनाने की रेसिपी